घोसी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले निवासी दुष्कर्म पीड़िता युवती की बड़ी बहन का शव कब्र से 135 दिन बाद न्यायालय के आदेश पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति के साथ ही युवती के परिजनों की उपस्थिति में रविवार की सुबह दस बजे निकाला जाएगा। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पीएम रिपोर्ट से महिला की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पीड़िता ने अपनी बहन की हत्या का आरोप अपने ही जीजा पर लगाया था। आरोप लगाते हुए बताया था कि बीते 30 नवंबर 2024 को उसकी बड़ी बहन के प्रसव पीड़ा के बाद वह उसकी देखभाल करने उसके घर पहुंची तो उसके जीजा ने उससे दुष्कर्म किया था।
आरोप लगाया कि उसके साथ दुष्कर्म करते उसकी बड़ी बहन ने देख लिया था, जिसका विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई।
पीड़िता ने अपनी मृत बहन की हत्या का खुलासा की मांग को लेकर उसका शव कब्र से निकालकर पीएम कराने की मांग को लेकर कोर्ट का सहारा लिया था। जहां कोर्ट के आदेश पर 13 अप्रैल की सुबह दस बजे मजिस्ट्रेट एवं युवती के परिजनों की उपस्थिति में मृतिका के शव को कब्र से निकाल कर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा जाएगा।