रतनपुरा। हलधरपुर थाना क्षेत्र के इटैली गांव के सिवान स्थित खेत में गांव के किसान का शव शनिवार देर शाम नलकूप के पास मिला। किसान घर से खेत में खाद डालने के लिए निकला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।
इटैली निवासी 59 वर्षीय हरेंद्र राम खेती किसानी का काम करता था। शनिवार दोपहर 12 बजे भोजन के बाद वह अपने खेत में खाद डालने के लिए निकला। काफी समय बीतने के बाद भी हरेंद्र घर नहीं लौटा तो परिजन खोजने निकले। जहां शाम करीब साढ़े आठ बजे उसका शव गांव के एक नलकूप के पास मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरेंद्र राम की पत्नी उषा देवी, बेटा अमित, बेटी चांदनी, वंदना, कंचन, रंजन, अंजली का रो रोकर हाल बेहाल था। घटना के संबंध में हलधरपुर थानाध्यक्ष हलधरपुर विजय प्रकाश मौर्य ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।