शिव मंदिर पर जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक करते लोग।
मऊ। सावन मास के दूसरे सोमवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में मंदिरों में शिवभक्तों ने बारिश के बीच भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। भारी संख्या में उमड़े भक्तों ने बेलपत्र और दूध आदि चढ़ा कर विधि विधान से पूजन अर्चन किया। वहीं कुछ भक्तों ने घर पर ही पार्थिव शिवलिंग बनाकर भगवान शिव का पूजन किया।
इस मौके पर हर-हर महादेव के जयकारे से मंदिर का वातावरण गूंज उठा। कई लोगों ने पूरे दिन व्रत रखकर उपासना भी की। साथ ही लंबी उम्र और सुखमय जीवन की कामना की। वहीं मंदिरों पर आयोजित भजन कीर्तन सहित भक्ति गीतों की धुनों पर शिव भक्त झूमते रहे। वहीं जिले भर से कांवरिये गाजे बाजे के साथ बाबा भोलेनाथ का पूजन अर्चन करने के बाद बाबाधाम के लिए रवाना हो गए।
प्रमुख मंदिरों पर भोर से ही भक्तों की लंबी लाइन लगी रही। सुबह लगभग 10 बजे के बाद शुरू हुई बारिश के बावजूद उत्साहित भगवान शिव का पूजन अर्चन करने के लिए श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। मंदिरों में पूजन अर्चन करने वालों में महिलाओं की संख्या काफी नजर आई। भीड़ को देखते हुए ही प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बलों की भी तैनाती की गई थी।
नगर में पक्का पोखरा शिवमंदिर, शीतला माता धाम, गाजीपुर तिराहा स्थित शिव मंदिर, कतुआपुरा शिवाला, मठियाटोला शिवमंदिर, हनुमानघाट, भीटी स्थित शिवमंदिर, पावरहाउस कालोनी स्थित शिवमंदिर, बालनिकेतन मोड़ स्थित शिवमंदिर और कैलाशपुरी आदि मंदिरों पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की लंबी लाइन लगी रही।
गाजीपुर से गंगा जल लेकर चले भक्त सोमवार को पैदल ही वापस लौटे और यहां स्थित शिवालयों में बोल बम के जयकारे के साथ जलाभिषेक किया।