चिरैयाकोट। स्थानीय थाना क्षेत्र के छोटा अब्दोपुर गांव निवासी कमलेश यादव के परिवार में मंगलवार काला मंगलवार साबित हुआ। दूध निकालने के लिए रिश्तेदार को लेकर घर आ रहे बेटे की घर से चंद दूरी पर हुई हत्या ने मृतक के पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। पांच दिन पहले अपने घर में पहले वैवाहिक कार्यक्रम को लेकर जिस घर में चारों तरफ खुशी थी, वहां महज कुछ घंटों में पूरा माहौल मातम में बदल गया।
मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उससे छोटा भाई कल्लू 20, आशीष 16 वर्ष है। जबकि मृतक सोनू अपने पिता कमलेश के साथ बीते डेढ़ साल से ऋषिकेश में सब्जी और फल बेचने का काम करता था। आजमगढ़ निवासी एक युवती से विवाह तय होने पर वह करीब 20 दिन पहले अपने गांव लौटा था। जहां पांच दिन पूर्व ही उसका बरक्षा हुआ था। घर में पहली शादी को लेकर खुशी का माहौल था लेकिन मंगलवार की शाम घटी घटना ने माहौल को मातम में बदल दिया। जिस तरह से पहले मृतक सोनू को रोककर उससे मारपीट कर पहले उस पर ईट-पत्थर से गंभीर चोट पहुंचाने की कोशिश की। इसके बाद एक के बाद दो गोली चलाकर उसकी हत्या की गई। उससे साफ स्पष्ट था हत्यारे सोनू की हत्या का पूरा प्लान बनाकर आए थे।
घटना के समय हत्यारे सोनू के घर की तरफ से निकले थे। उधर, इस मामले में पुरानी रंजिश के चलते घटना को लेकर बात सामने आ रही है। इस घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके का मुआयना अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों के साथ किया। गांव में आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों में कुछ मामले लिखे गए हैं। इसमें मृतक सोनू के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज था। मृतक के परिजनों ने जिस पक्ष से रंजिश चली आ रही है, उनका नाम बताया जा रहा है। घटना में दो लोगों का नाम आया है। जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी को लेकर टीमें गठित करने के साथ हर बिंदु पर पुलिस जांच में जुटी है।