मऊ। नगर के बलिया मोड़ स्थित एक लान में सोमवार की देर शाम ‘एक शाम श्री श्याम प्रभु के नाम’ भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान फरवरी भजन यात्रा कार्यक्रम के तहत कोलकाता से आए भजन गायकों ने भजन सुना कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। श्याम प्रभु का भव्य शृंगार भी किया गया। श्याम प्रभु के शृंगार और पूजा के बाद सोमवार की शाम करीब सात बजे शुरू भजन संध्या का आयोजन शुरू हुआ। देर शाम विनोद कुमार गाड़ोदिया बिन्नू ने मंत्रोच्चार भजनों के साथ श्याम प्रभु का भव्य शृंगार और पावन ज्योति प्रज्ज्वलित कर उनको भोग अर्पित किया। इसके बाद प्रकाश ओडेका, डिंपल अग्रवाल ने भजन तू क्यों घबराता है तेरा श्याम से नाता है, जब मालिक है सिर पर क्यों जी को जलाता है.. सुनाया तो श्रद्धालु अपनी जगह से उठकर थिरकने लगे। इसी तरह भजन थारो ही सहारो है, थारो बिन कुंण म्हारो है, कोई प्रेमी जब बाबा को बुलाता है आदि भजनों को सुनकर श्रद्धालु भाव विभोर होते रहे। देर रात तक श्याम भक्त भजन का आनंद ुठाते रहे। इस आयोजन में भक्त जैसे बंधे बैठे रहे। मंत्रमुग्ध होकर श्याम प्रभु की स्तुति करते दिखाई दिए। भजन संध्या को लेकर के उत्सव लॉन को फूलों और बिजली की झालरों से भव्य रूप से सजाया गया था। प्रसाद वितरण के साथ पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ‘श्री श्याम चरणम् शरणम् ’ व ‘श्री दादी चरणम शरणम् ’ के अधिकृत फेस-बुक पर चलता रहा। इससे जुड़े देश-विदेश के लाखों श्याम भक्तों ने घर बैठे इस उत्सव का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम में मऊ, श्री बाबा ढेकुलिया घाट मंदिर परिवार, त्रिदेव मंदिर परिवार और श्री श्याम संघ के सभी भक्तों की उपस्थिति रही।