बढुआगोदाम। शहर कोतवाली क्षेत्र के बलिया मोड़ स्थित पेट्रोलपंप पर सोमवार की शाम अपने दोस्त को ले आने के लिए पहुंचे बाइक सवार युवक पर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को उसके दोस्त ने जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। कोपागंज थाना क्षेत्र के भदसामाने निवासी सलाउद्वीन (30) पुत्र अंसारुल्हक सोमवार की शाम बलिया मोड़ स्थित पेट्रोलपंप पर अपने दोस्त के पास कोई साधन न होने पर उसे लेने पहुंचा था। वह जैसे ही बाइक लेकर पेट्रोलपंप के पास पहुंचा, पहले से मौजूद एक युवक ने उसके चेहरे को निशाना बनाते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के कई वार युवक घायल अवस्था में सड़क पर गिरकर तड़पने लगा । हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उधर, घटना के बाद घायल सलाउद्दीन के दोस्त ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं घटना के संबंध में शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है। कोई तहरीर देगा तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।