अस्पताल के आपातकाल में छह बेड का वार्ड बनाने का है दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। जिले में गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। पारा 40 या उसके आसपास बना हुआ है। इसके चलते मरीज लू सहित विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। अभी तक जिला अस्पताल में लू वार्ड नहीं बनाया जा सका है। जबकि शासन की ओर से व्यवस्था पूरी करने के लिए अलर्ट जारी किया गया है। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि इसी सप्ताह हीट स्ट्रोक वार्ड पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।
जनपद में पारा लगातार बढ़ रहा है, पूरे दिन चलने वाले गर्म हवाओं से लोग लू की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल से लेकर निजी अस्पतालों में रोजाना ऐसे मरीज आ रहे हैं। अप्रैल माह का मध्य आ गया है, बावजूद इसके जिला अस्पताल का लू वार्ड अभी तक तैयार नहीं हो सका है। जिला अस्पताल में हीट स्ट्रोक वार्ड बनाया गया है। छह बेड के वार्ड में अभी तक हीट स्ट्रोक वार्ड में गर्मी से राहत देने के लिए एसी, कूलर सहित ठंडे पानी की व्यवस्थाएं भी नहीं की गई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि गर्मी को देखते हुए हीट स्ट्रोक वार्ड के इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि लोगों का हीट स्ट्रोक से बचाव किया जा सके। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि जल्द ही सभी व्यवस्था को सही कर लिया जाएगा। सरकार ने शिशुओं, छोटे बच्चों, बाहर काम करने वाले लोगों, गर्भवती महिलाओं, मानसिक रोगियों, हृदय या उच्च रक्तचाप रोगियों को जोखिम वर्ग में रखा है। इस वर्ग को लू में विशेष तौर पर सतर्क रहने के लिए कहा गया है। हीट स्ट्रोक से लोगों में भटकाव, भ्रम, चिड़चिड़ापन, तेज सिरदर्द, बेहोशी, मांसपेशियों में ऐंठन और तेज धड़कन की समस्या का खतरा रहता है।
मऊ में छह दिनों का अधिकतम पारा पारा
5 अप्रैलः 40
6 अप्रैलः 39
7 अप्रैलः 39
8 अप्रैलः 39
9 अप्रैलः 39
10 अप्रैलः 38
11 अप्रैलः 39