कोतवाली क्षेत्र के अरैला गांव में शुक्रवार की रात को एक जर्जर पक्के मकान का कुछ हिस्सा बगल में स्थित एक झोपड़ी पर गिर गया। इसके मलबे में दबकर झोपड़ी में रहने वाले एक किशोर की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अरैला गांव निवासी कन्हैया की एक झोपडी है उसमें उसका परिवार रहता है। रात में बगल में स्थित एक जर्जर पक्के मकान से कुछ भारी वस्तु गिरने की आवाज सुनकर कन्हैया के परिवार वाले बाहर निकल गए । कन्हैया का 16 वर्षीय बेटा राजन भी बाहर निकला ।
लेकिन उसे अचानक कुछ याद आया और पलटकर ज्यों ही झोपड़ी कें अंदर गया कि इसी बीच पक्के मकान का एक बड़ा हिस्सा उसके ऊपर आ गिरा। इससे राजन की तत्काल ही मौके पर मौत हो गई। किशोर की मौत से गांव में मातम छा गया। राजन कक्षा नौवीं का छात्र था। ग्राम प्रधान से जानकारी पाकर नायब तहसीलदार दिनेश कुमार ने शनिवार को गांव पहुंचकर मृतक का पंचनामा कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया । लेकिन 24 घंटे बीत जाने पर भी पीड़ित परिवार को कोई राजकीय सहायता नहीं मिली थी।