कोपागंज क्षेत्र के टड़ियाव विद्युत उपकेंद्र के टड़ियाव विद्युत फीडर में आई तकनीकी खराबी के चलते पिछले तीन दिनों से नगर पंचायत के आधे हिस्से सहित 15 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। 24 घंटे में छह से सात घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
गर्मी के मौसम में बिजली गुल रहने से लोगों को एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा है। परेशान लोगों ने विद्युत निगम के आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया है, लेकिन अभी तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी है।
विद्युत उपकेंद्र टड़ियाव से कोपागंज नगर पंचायत सहित क्षेत्र के टड़ियाव फीडर से नगर पंचायत के आधे हिस्से के अलावा भादसा, मानोपुर, लाड़पुर, पारा, मुबारकपुर, डेकवारा सहित 15 से अधिक गांवों को विद्युत आपूर्ति की जाती है।
टड़ियाव सबस्टेशन के टाउन फीडर में तकनीकी खामी आने के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। उपभोक्ताओं के अनुसार बिजली आने के आधे घंटे बाद ही गुल हो जा रही है, इसके बाद दो घंटे बाद बिजली फिर से आ रही है।
दो-दो घंटे बिजली गुल रहने से गर्मी और उमस के चलते एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा है। रात के समय लोग चैन से सो नहीं पा रहे हैं। पेयजल संकट भी गहरा गया है और लोगों को शुद्ध पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
इस संबंध में क्षेत्र के कन्हैया, आफताब, राशिद, फैयाज, गुड्डू, राजेश का कहना है कि फीडर में तकनीकी खराबी आने के चलते 24 घंटे में छह से सात घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
घंटों बिजली गुल रहने से दिन-रात बिताना मुश्किल हो रहा है। शुद्ध पानी मयस्सर नहीं हो पा रहा है। प्रदूषित पानी के सेवन से लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं।
वर्जन-
फीडर में आई तकनीकी खराबी को दूर करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। शीघ्र ही तकनीकी खराबी ठीक कर विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
- सुरेंद्र यादव, उपखंड अधिकारी, विद्युत निगम