फतहपुर मंडाव। ग्राम पंचायत फतहपुर मंडाव में कराए गए विकास कार्यों का एसडीएम मधुबन के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने जांच की।
फतहपुर मंडाव निवासी आनंद पांडेय ने ग्राम पंचायत में विद्यालय के कायाकल्प, पंचायत भवन के निर्माण और मनरेगा से कराएं गए कार्यों में वित्तीय अनियमितता की शिकायत उपलोकायु्क्त से की थी। मामले में उपलोकायुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी ने एसडीएम मधुबन अवधेश चौहान और डीडीओ उमेशचंद तिवारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया था।
जांच टीम ने पाया कि पंचायत भवन में केवल दरवाजे की रंगाई-पुताई नहीं हुई है लेकिन अन्य कार्य मानक के अनुरूप मिले। विद्यालय में बच्चों को बैठने के लिए डेस्क बेंच निर्धारित संख्या से अधिक मिले। मीना मंच, शौचालय, बरामदा का निर्माण सही पाया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय में इंटरलॉकिंग, शौचालय का निर्माण भुगतान के सापेक्ष सही मिला। इसपर जांच टीम ने संतोष जताया।