मऊ। लखनऊ से दो सदस्यीय जांच टीम ने सोमवार को समाज कल्याण अधिकारी कार्यालयों में आंबेडकर विद्यालयों के अभिलेखों की जांच की। साथ ही छात्रों और अध्यापकों के बारे में जानकारी हासिल की। टीम में शामिल अनूप कुमार और गजेंद्र द्विवेदी ने अभिलेखों के निरीक्षण के बाद विद्यालयों पर पहुंच कर वहां की स्थिति भी जानी। विद्यालयों में अध्यापकों की नियुक्तियों के मामले में फर्जीवाड़े की जांच के दौरान 63 अध्यापकों की नियुक्तियां संदिग्ध पाई गई थीं। इन अध्यापकों का अनुमोदन बीएसए की ओर से नहीं किया गया था। जांच रिपोर्टों पर जिले के चार अध्यापकों को फर्जी पाए जाने पर उन्हें बर्खास्त किया जा चुका है। लेकिन अन्य संदिग्धों के खिलाफ अभी जांच चल रही है। इसी मामले में की गई शिकायत के बाद समाज कल्याण निदेशक ने जांच के निर्देश दिए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि लखनऊ से आई जांच टीम कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।