रतनपुरा (मऊ)। ब्लॉक क्षेत्र के गाढ़ा स्थित बीआरसी पर सोमवार को आयोजित स्पोर्ट्स मेले में लगे एक मात्र स्टाल पर घटिया खेल उपकरण देख विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षक आक्रोशित हो गए। घंटों शोर करते रहे। शिक्षकों ने प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय सहित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की। पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की।
ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में खेल सामग्री के लिए विद्यालय प्रबंध समिति को बजट जारी कर दिया गया है। इसके तहत प्राथमिक विद्यालय में पांच हजार तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय में 10 हजार रुपये खेल उपकरण खरीदने पर खर्च किया जाना है। सोमवार को गाढ़ा स्थित बीआरसी परिसर में स्पोर्ट्स मेले का आयोजन किया गया। परिसर में कई फर्मों का बैनर पोस्टर तो लगा था, लेकिन वहां एक फर्म न्यू अन्नपूर्णा इंटरप्राइजेज गाजीपुर आई थी।
उसका सामान बोरे में भरा था। प्रिंटेड बिल थी। बोरे में भरा सामान प्राइमरी स्कूल को पांच हजार रुपये तथा जूनियर हाईस्कूल को दस हजार रुपये का अलग-अलग पैकिंग की गई थी। खरीदारी करने पहुंचे कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा शिक्षक जब खेल उपकरणों की खरीदारी करने बीआरसी परिसर पहुंचे तो घटिया खेल उपकरण देख आक्रोशित हो गए। शिक्षकों ने उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय को दी। सूचना मिलने पर कृष्णानंद राय भी मौके पर पहुंच गए।
शिक्षकों का कहना है कि बीआरसी परिसर में आयोजित मेले में सात फर्मों के बैनर लगे थे लेकिन एक ही फर्म का स्टाल लगा था। फर्म द्वारा लाए गए सभी खेल सामग्री घटिया किस्म के रहे। मामले की जांच कराकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार चतुर्वेदी का कहना था कि स्पोर्ट्स मेले में तय मानक के अनुरूप स्टाल लगाए गए हैं।