मिर्जापुर। माता प्रसाद माता भीख इंटर काॅलेज के प्रबंधन पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाने के साथ ही महुवरिया स्थित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में शिक्षकों का क्रमिक अनशन दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के जिला मंत्री डॉ. रमा शंकर शुक्ल और मंडल उपाध्यक्ष हीरालाल मिश्र क्रमिक अनशन पर बैठे। इस बीच जिला विद्यालय निरीक्षक दूसरे दिन भी कार्यालय नहीं आए। इससे जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए फरियादी शिक्षक व कर्मचारी परेशान हुए और निराश होकर लौट गए। जिला मंत्री ने आरोप लगाया कि माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज में कक्षा छह से आठ तक के छात्रों से परीक्षा, प्रवेश समेत किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा सकता है, लेकिन इस वर्ष करीब 350 बच्चों से प्रति छात्र 50 रुपये शुल्क लिया गया है।
उनका आरोप है कि यह धनराशि भी विद्यालय के किसी मद में नहीं खर्च की गई। कक्षा नौ से 12 तक करीब 1300 छात्रों से भी प्रवेश के नाम पर प्रति छात्र 50 रुपये फार्म बेचे गए। यह राशि भी किसी मद में नहीं जमा कराई गई। जिला मंत्री ने कहा कि वित्त विहीन मान्यता इंटर में जीव विज्ञान और काॅमर्स की मिली है, वर्ग की नहीं। लेकिन, इसकी आड़ में बायो और काॅमर्स वर्ग बनाकर प्रति छात्र 250 रुपये वसूल किए गए। जिसका लेखा-जोखा स्वयं प्रबंधक संभालते हैं। अनशनस्थल पर मंडल अध्यक्ष केदार नाथ दूबे, मंडल मंत्री गणेश प्रसाद सिंह, जिला कोषाध्यक्ष डॉ. धर्मराज सिंह, आय-व्यय निरीक्षक उमाकांत, भूपेश कुमार सिंह, सुरेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. शशिधर उपाध्याय, जटा शंकर तिवारी, ओमकार नाथ दूबे, राजनारायण पांडेय, ध्रुव बिंदु सिंह, दिलीप पांडेय, विमल दूबे आदि ने समर्थन दिया।