बीएसए कार्यालय पर अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करते प्रोफेसर, टीचर एवं नान टीचिंग स्टाफ एसोसिएशन से जुड़े कर्मचारी और शिक्षक।
प्रोफेसर, टीचर् एवं नान टीचिंग स्टाफ एसोसिएशन के तत्वावधान में शिक्षकों ने पदोन्नति में बरती जा रही अनियमितता सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। साथ ही जमकर नारेबाजी किया।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के मंडल अध्यक्ष बाबूराम ने कहा कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षक पदोन्नति के मामले में नियमों की अनदेखी की जा रही है। प्रमोशन प्रथम नियुक्ति तिथि के आधार पर तथा ज्येष्ठता का आधार जन्मतिथि होता है। लेकिन षणयंत्र के तहत असंवैधानिक तरीके से नियमों की गलत व्याख्या कर प्रमोशन रोकने का काम किया जा रहा है। इस क्रम में संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि अगर प्रमोशन का आधार मेरिट को बनाया जाता है तो यह नियम विरुद्ध होगा।
सरकार द्वारा एससी, एसटी, ओबीसी आदि की आरक्षण व्यवस्था है। इस प्रकार गुणांक को आधार मानकर पदोन्नति करने पर आरक्षण के नियमों का पालन करना पड़ेगा। जबकि वर्तमान में उच्चतम न्यायालय द्वारा रोक है। वरिष्ठता का आधार नियुक्ति तिथि तथा जेष्ठता का निर्धारण जन्मतिथि से तय होनी चाहिए। मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। धरने को सच्चिदानंद यादव, नित्यप्रकाश यादव, श्रीपति यादव, जयशंकर यादव,तपेश्वर राम,जीवधन यादव, सुशील यादव, रमेश चौहान आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता गुलाब चंद तथा संचालन चंद्रभान यादव ने किया।