मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के वलीदपुर गांव में अपने घर के अंदर टीवी देख रहे एक स्कूल के प्रधानाचार्य को रविवार की रात बदमाशों ने खिड़की से ही निशाना साध कर गोली मार दी। गोली शिक्षक के जांघ में लगी। घायल प्रिंसिपल को पहले सीएचसी लाया गया। जहां से जिला अस्पताल और बाद में बनारस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव के चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के प्रयागपुर गांव निवासी हरिप्रकाश पांडेय 58 वर्ष बगल के ही गांव सिकरौरा स्थित एक वित्त पोषित विद्यालय में प्रिंसिपल हैं। वह मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के वलीदपुर गांव में मकान बनाकर रहते हैं।
शनिवार की देर रात वह खाना खाकर अपने कमान के बाहरी हिस्से में बने अपने कमरे में बैठकर टीवी देख रहे थे। इस दौरान बाइक से दो बदमाश आए और खिड़की के पास खड़ा हो गए। अभी प्रधानाचार्य कुछ समझ पाते कि एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर खिड़की से ही निशाना साध कर गोली चला दिया। शुक्र था पहली गोली मिस हो गई।
जब प्रधानाचार्य अंदर की तरफ भागे तभी बदमाशों ने दूसरी गोली चला दी जो उनके जांघ में लगी। गोली लगने के बाद बाद भी वह घर के अंदर भागे और सीढी़ पर जाकर बेहोश हो गए।
इस बीच बदमाशों ने दो और फायर किए और बाइक पर सवार होकर जीयनपुर की तरफ भाग गए। घटना के बाद परिवार वालों उन्हें मुहम्मदाबाद गोहना सीएचसी लाया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी के लिये रेफर कर दिया। गोली मारे जाने के संबंध में गांव के चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
घटना के संबध में पूछे जाने पर कोतवाल हवलदार सिंह यादव ने बताया कि प्रिंसिपल को गोली मारने की घटना के कारणों का पता लगाने व बदमाशों के पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। चौकीदार की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।