घोसी। स्थानीय कोतवाली के कादीपुर स्थित मदरसे में रस्सी से बांधकर छात्र की पिटाई करने वाले शिक्षक के खिलाफ पुलिस ने शनिवार शाम को मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की जांच में पता चला कि पुरानी रंजिश में शिक्षक ने छात्र की पिटाई की थी। मदापुर समसपुर बैसवाड़ा निवासी मोहम्मद हासिम ने अपनी तहरीर में बताया कि भतीजा अर्श खान 10 जुलाई की सुबह 9:30 बजे कादीपुर स्थित मदरसा उस्मानिया में हाफिज ए कुरान की शिक्षा लेने गया था। मदरसे के शिक्षक मदापुर समसपुर निवासी सादिक खान उर्फ रोहुल ने पुरानी रंजिश को लेकर बिना बात के गाली देने लगा। फिर रस्सी से बांधकर लाठी डंडे से पिटाई की, इसमें भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाल प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घायल छात्र के चाचा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।