अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला बाबा थानीदास स्थित ग्रामीण बैंक चोरी से बच गया। शनिवार रात चोरों ने बैंक का मुख्य चैनल गेट तोड़कर अंदर पहुंचे थे लेकिन तिजोरी काटने से पहले पुलिस गश्त के वाहन की सायरन सुनकर भाग निकले। उधर, रविवार को सूचना मिलने पर पहुंचे घोसी कोतवाल फॉरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल में जुटे रहे। बैंक के शाखा प्रबंधक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि चोर बैंक से नकदी उड़ाने जा रहे थे। चोर बैंक गेट का चैनल तोड़ने के बाद अंदर जा पहुंचे थे। इस बीच उन्होंने तिजोरी को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन मजबूत होने के चलते तिजोरी नहीं काट पाए। इस बीच पुलिस गश्त के सायरन की तेज आवाज सुनकर चोर फरार हो गए। सुबह जानकारी होते ही मौके पर अमिला चौकी प्रभारी शंकर यादव पहुंचे। मामले की जांच शुरू की। वहीं इस संबंध में घोसी कोतवाल प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, फिलहाल बैंक से किसी भी तरह की नकदी या सामान चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन चोरों ने घटना को कितने बजे अंजाम दिया और किन-किन औजारों का इस्तेमाल किया इसका पता लगाने के लिए सीसी कैमरे के फुटेज की जांच की जा रही है।