उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने कहा है कि भ्रष्ट पार्टियां ही भ्रष्ट नेताओं को साथ लेकर चलती हैं।
उन्होंने आज की भ्रष्ट राजनीति पर कहा कि अच्छे दिन और अच्छी सरकार का दावा सभी करते हैं, लेकिन अच्छे और ईमानदार नेता लाकर राजनीति को कैसे अच्छी बनाएं, इसकी बात कोई नहीं करता।
पूर्व मुख्यमंत्री शुक्रवार की रात्रि गोरखपुर जिले के बड़हलगंज कस्बे में भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र नाथ तिवारी के यहां मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
शनिवार को दोहरीघाट में लोकनिर्माण विभाग के डाकबंग्ले में प्रवास के दौरान पत्रकारों से संक्षिप्त वार्ता में उन्होंने कहा कि ब्राह्मण किसी जाति का हिमायती नहीं होता।
वह सभी जातियों को साथ लेकर चलता है। सनातन काल से ही ब्राह्मण समाज के हित का कार्य करता रहा है। यही हमारी पहचान है। उन्होंने आतंकवाद पर कहा कि उसका कोई जाति धर्म नहीं होता।
इसे जड़ से मिटाने की जरूरत है। दुर्भाग्य है कि इसे भी रानैतिक चश्मे से देखा जा रहा है। कहा कि पाकिस्तान स्वयं अपनी समस्याओं से जूझ रहा है। भारत से टकराने की हिम्मत उसमें नहीं है। वह भारत की सहनशक्ति को कमजोरी न समझे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कुछ खास विषय पर बात करना उचित नहीं समझा।