मऊ। शिक्षा विभाग और अमर उजाला की तरफ से बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं के मेधावियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शिक्षा विभाग की तरफ से हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के 12-12 मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट, मेडल, प्रशस्ति पत्र और 21 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में 68वीं माध्यमिक विद्यालय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के छह खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खिल उठे। मुख्य अतिथि मधुबन विधायक रामबिलास चौहान और विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र रहे। इससे पूर्व मेधावियों को लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में बच्चों और मुख्य अतिथि के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए दिखाया गया।
इंटरमीडिएट में टाॅप टेन में नीरज पासवान 91 प्रतिशत, आंचल मौर्य 90.90, सुधीर 89.30, रोली पाठक 89.20, गुंजन यादव 89, गौरव प्रजापति 88.60, अमृता राजभर 88.40, अर्पिता यादव 88.20, आदित्य कश्यप 88, अबु तल्हा 87.80, निधि मौर्य 87.80, असरा अमीन 87.80 प्रतिशत सहित 12 मेधावियों को सम्मानित किया गया।
वहीं हाईस्कूल में शुभम सिंह 95.33 प्रतिशत, सूरज मौर्या 94.50, नैंसी जायसवाल 94.50, अंशु चौहान 94.33, सुकृति यादव 94.33, सान्या राय 94.33, श्रेया मौर्या 94, अविनाश सिंह 94, हर्षित कुशवाहा 93.83, नीरज चौहान 93.83, अनुष्का निषाद 93.83, अभिनंदन पाठक 93.83 प्रतिशत सहित 12 मेधावियों को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक रामबिलास चौहान ने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत हों, सकारात्मक दृष्टिकोण से उनका हल निकाला जा सकता है। विद्यार्थी खुद के अंदर कौशल का विकास करें। सफलता निश्चित कदम चूमेगी। भारतीय जनता पार्टी की सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है एवं प्रदेश के सभी छात्र-छात्राओं को उनके जीवन में आगे बढ़ाने के लिए कई सारी योजनाएं भी चला रही है। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र, सीडीओ प्रशांत नागर, जिला समन्वयक सीपी श्रीवास्तव, संजय यादव, मेधावी बच्चों के अभिभावक आदि शामिल थे।