घोसी। तहसील सभागार में शुक्रवार को एसडीएम सुरेश कुमार ने राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों की बैठक में पराली जलाने पर कार्रवाई का निर्देश दिया। एसडीएम ने अंशनिर्धारण में बचे गांवों को तीन दिन के अंदर पूर्ण करने की हिदायत दी।
इस दौरान एसडीएम ने कहा कि कुछ राजस्व निरीक्षकों के पास कई शिकायतें लंबित हैं। हिदायत दी कि डीएम कार्यालय के साथ लखनऊ से आई शिकायतों को जल्द से जल्द निस्तारित कर संबंधित अधिकारियों को भेज दें। कहा कि सभी राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल अपने क्षेत्र में नजर रखें। किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए जागरूक करें। किसी भी हालत में खेतों में पराली नहीं जलनी चाहिए।
कहा कि किसानों को बताएं कि लखनऊ स्तर से निगरानी हो रही है। जो भी किसान खेतों में पराली जलाते हुए मिलेंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार उमेश सिंह ने कहा कि अंश निर्धारण के कार्य को जल्द पूर्ण कर तहसील कार्यालय में जमा कर दें। कहा कि 56 राजस्व ग्रामों के खसरा में 51 का अंश निर्धारण हो गया गया है। शेष पांच गांवों के लेखपाल तीन दिन के अंदर कार्य पूरा करें। इस अवसर पर नायब तहसीलदार राघव शेषमणि त्रिपाठी, विपिन कुमार, राजस्व निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह, राजेश सिंह, सुधाकर, पंकज कुमार, अजय यादव, रितेश सिंह आदि उपस्थित रहे।