इंदारा करिमाबार में सीसी रोड की जांच करने अधीकारी ।संवाद
- फोटो : MAU
इंदारा। आजमगढ़ से रविवार को यहां टीएसी (टेक्नीकल आडिट सेल) टीम पहुंची। यहां उसने नवनिर्मित शहीद रोड से करिमाबाद होते हुए इंदारा माइनर तक 680 मीटर लंबी एक करोड़ की लागत से निर्माणाधीन सीसी रोड मार्ग की गुणवत्ता परखी। टीम निर्माण में मानक की अनदेखी की शिकायत पर जांच के लिए पहुंची थी। टीएसीके मंडलीय प्राविधिक परीक्षक राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में रविवार को कुछ स्थानों पर सड़क की खोदाई कर भस्सी की मात्रा, गिट्टी तथा ईट व नाली में लगे सीमेंट नाली की साइज आदि की गहनता से जांच की। मालूम हो इस कार्य में निर्माण में मानक की अनदेखी की शिकायत जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार गोयल ने मण्डलायुक्त आजमगढ़ से की गई थी। आरोप था की रोड निर्माण में पूरी तरह अनियमितता की जा रही है। मानक के विपरीत सेमा ईंट व घटिया बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है। ठेकेदार और आरईएस विभाग की मिली भगत से घटिया निर्माण कराकर धन की बंदरबांट की जा रही थी। इस दौरान टीम ने जांच की, कयास लगाया जा रहा है कि जांचकर्ता टीम के अनुसार निर्माण कार्य सही पाया गया। उधर शिकायतकर्ता जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार गोयल का आरोप है कि शिकायत के अनुसार बताई गई जगह पर खोदाई नही कराई गई जिससे वह संतुष्ट नहीं है। बताया कि वह दुबारा मंडलायुक्त को पत्रक सौंपकर जांच कराने की मांग करेंगे। इस दौरान जेई बलवंत चौहान, ग्राम प्रधान जुबैर अहमद सहित दूसरे लोग मौजूद रहे।