मऊ। नवंबर माह बीतने में तीन दिन ही शेष हैं, लेकिन रबी सीजन में किसानों को मांग के अनुरुप डीएपी नहीं मिल रही है। जिला प्रशासन की तरफ से साधन सहकारी समितियों पर उपलब्ध कराई गई डीएपी ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है। इस वर्ष सहकारिता में 4484 एमटी डीएपी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभी तक साधन सहकारी समितियों से 4015 एमटी की ही आपूर्ति की जा सकी है। मांग के सापेक्ष आपूर्ति कम होने से समितियों पर खाद आने की सूचना मिलते ही किसानों की भारी भीड़ लग जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों और पुलिस की निगरानी में खाद वितरण कराना पड़ रहा है।
जिले में किसानों को खाद बीज वितरण 10 पीसीएफ, 10 डीसीएफ, 92 साधन सहकारी समितियों के माध्यम से किया जाता है। गेहूं की बाेआई के लिए नवंबर माह तक सर्वोत्तम समय माना गया है। नवंबर माह बीतने को है, किसानों को मांग के अनुरुप डीएपी नहीं मिल पा रही है।
अधिकारियों के अनुसार खुरहट से 306 एमटी डीएपी, आजमगढ़ से 97 एमटी डीएपी की रैक तीन दिन के अंदर ही आने वाली है। सहकारिता को निजी कंपनियों की डीएपी की आपूर्ति का 30 प्रतिशत ही मिलता है। अब शासन ने 50 प्रतिशत कर दिया है। निजी कंपनियों की डीएपी की आपूर्ति होने से समस्या नहीं आएगी। उधर लक्ष्य पूरा न होने से समितियों पर डीएपी की किल्लत बनी हुई है। इस बाबत एआर साधन सहकारी समितियां जगदीश प्रसाद का कहना है कि किसानों को जरुरत के अनुसार डीएपी दी जा रही है। डीएपी की दो रैक तीन दिन के अंंदर आ जाएगी। समस्या का समाधान जल्द हो जाएगा।
एसडीएम ने अपनी निगरानी में वितरित की डीएपी
मधुबन। क्षेत्र के नेवादा गोपालपुर स्थित साधन सहकारी समिति पर बुधवार को 240 बोरी डीएपी पहुंचने की सूचना मिलते ही किसानों की भारी भीड़ जुट गई।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अखिलेश सिंह यादव लेखपाल शरद चंद पांडेय, अनिल कुमार के साथ ही चौकी इंचार्ज दुबारी राजेश सिंह को लेकर साधन सहकारी समिति पहुंचे।
जहां किसानों की भारी भीड़ जमा थी। मौके की नजाकत को देख पुलिस के सहयोग से एसडीएम अपने निगरानी में डीएपी का वितरण कराया। इस दौरान जो किसान डीएपी नहीं पाए काफी आक्रोशित दिखे। इस संबंध में एसडीएम अखिलेश सिंह यादव ने कहा कि डीएपी के लिए पत्र भेजा गया है। शीघ्र ही दूसरी खेप आने के बाद बचे किसानों को डीएपी उपलब्ध कराया जाएगा।