मऊ। मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन से रविवार को पहली सुपर फास्ट एक्सप्रेस ट्रेन आनंदविहार के लिए रवाना होगी। रेलमंत्री पीयूष गोयल इस ट्रेन को आनलाइन हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगेे। इससे पहले शनिवार को रेलवे अधिकारी तैयारी में जुटे रहे। इस कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया है।
विशेष सुपर फास्ट एक्सप्रेस ट्रेन 05139 मऊ-आनंदविहार को रेल मंत्री पीयूष गोयल दिल्ली से रविवार की शाम 5:10 पर ऑनलाइन हरी झंडी दिखाकर रवाना करेेंगे। इस अवसर पर एमएलसी एके शर्मा, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी,डीआरएम वीके पंजीयर आदि मौजूद रहेंगे। यह ट्रेन मऊ जंक्शन से 5.10 बजे रवाना होगी। इसके बाद वो ट्रेन औड़िहार, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर होते हुए सुबह सात बजकर 15 मिनट पर आनंद विहार पहुंचेगी। डीसीआई सिरनाम सिंह मीना ने बताया कि इस ट्रेन का शुभारंभ होने के बाद 19 फरवरी से नियमित किया जाएगा। यह ट्रेन मऊ जंक्शन से प्रत्येक मंगलवार तथा शुक्रवार को तथा आनंद विहार से प्रत्येक बुधवार तथा शनिवार को संचालित होगी।
वैकल्पिक व्यवस्था लेकर चल रही तैयारी े
मऊ। रेल मंत्री के वीडियो लिंक के माध्यम से रविवार की शाम विशेष ट्रेन को रवाना करेंगे। रेलवे प्रशासन की मानें तो कार्यक्रम को लेकर वर्जुअल के साथ वैकल्पिक तैयारी भी की जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर भी समारोह स्थल से कोई अतिविशिष्ट अतिथि या जनप्रतिनिधि हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना कर सकता है। 05139 मऊ-आनंदविहार एक्सप्रेस को पहली यात्रा पर ले जाने वाले लोको पायलटों के क्रू को भी कार्यक्रम के प्रोटोकाल के मुताबिक प्रशिक्षित कर लिया गया है।