नगर के हिंदी भवन सभागार में सोमवार शाम सुहेलदेव पार्टी (सुपा) का चतुर्थ राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न हुआ। इसमें प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
अधिवेशन में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर रणनीति बनाई गई। अधिवेशन को संबोधित करते हुए पार्टी के संस्थापक रामचंद्र राजभर प्रचंड ने कहा कि उनकी पार्टी केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि वंचित समाज के सम्मान और सामाजिक न्याय की लड़ाई के लिए मैदान में है। राष्ट्रीय अध्यक्ष संतलाल राजभर ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है और 2027 का विधानसभा चुनाव निर्णायक होगा। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामकृष्ण भारद्वाज ने सुभासपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘सुपा’ सुभासपा का सूपड़ा साफ कर देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।