नगर के बालनिकेतन स्थित सपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ सदर विधायक अब्बास अंसारी।
सदर विधानसभा सीट से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी सोमवार को मऊ पहुंचे। यहां वह अपने अधिवक्ता के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी से मुलाकात की। इसके बाद वह सीधे नगर के बाल निकेतन स्थित सपा कार्यालय पहुंचे, जहां जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव तथा अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
कुछ दिन पूर्व हिंदू जागरण समिति ने विधायक अब्बास अंसारी के लापता होने का पोस्टर जारी किया था। इसके बाद सोमवार को पहली बार उनका मऊ आगमन हुआ। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सुभासपा विधायक के पहुंचने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।
वहीं, अब्बास अंसारी ने मीडिया के कैमरों के सामने चुप्पी साधे रखी। हालांकि उन्होंने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का अपने अंदाज में इस्तकबाल किया। सपा कार्यालय से निकलने के बाद सड़क पर उन्होंने राहगीरों, ई-रिक्शा चालकों और बाइक सवार लोगों से हाथ मिलाकर अभिवादन किया। हालांकि अचानक मऊ आने के सवाल पर वह चुप्पी साधे रहे।