वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के सियाबस्ती गांव में मानक के विपरीत चल रहे एक ईंट भट्ठे को उपजिलाधिकारी ने शुक्रवार को सीज कर दिया। उपजिलाधिकारी हेमंत कुमार चौधरी, क्षेत्राधिकारी डॉ. अजय विक्रम सिंह, प्रदूषण विभाग के जूनियर इंजिनियर के संयुक्त नेतृत्व में शुक्रवार को ईंट भट्ठों के खिलाफ अभियान चलाया गया। टीम सियाबस्ती स्थित ईंट भट्ठे पर पहुंची। नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट मांगने पर ईंट भट्ठा उद्योग के मालिक ने कोई कागज नहीं दिखाया। जिसपर उपजिलाधिकारी ने ईंट भट्टे को सीज करते हुए कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दिया। इस संबंध में उप जिलाधिकारी हेमंत कुमार चौधरी ने बताया कि सियाबस्ती गांव में पूजा ईट भट्टा उद्योग के लिए मालिक के पास एनओसी नहीं थी। जिसके बाद कार्रवाई की गई, आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई जारी रहेगी।