मधुबन। स्थानीय नगर पंचायत स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें शिक्षा क्षेत्र फतेहपुर मंडाव के 13 न्याय पंचायत से 52 विद्यालयों के छात्र एक-एक अंक के लिए एक-दूसरे को पटखनी देेने के लिए संघर्ष करते नजर आए।
प्रतियोगिता में जूनियर हाईस्कूल दुबारी और कमलसागर के छात्र फाइनल में पहुंचे। सभासद राजकुमार राजभर ने कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्राथमिक विद्यालय बालक वर्ग में नेवादा गोपालपुर, मर्यादपुर, प्राथमिक विद्यालय बालिका वर्ग में नेवादा गोपालपुर, सुल्तानपुर, बारह गांवा के वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय बालिका वर्ग में मधुबन, नेवादा गोपालपुर और उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में दुबारी, कमलसागर के छात्रों ने दमखम दिखाया। शाम हो जाने के कारण फाइनल मैच संभव नहीं हो पाया। आयोजकों के अनुसार फाइनल मुकाबले के लिए अगली तिथि निर्धारित की जाएगी।
सभासद राजकुमार संबोधन में कहा कि कभी हमारे खेल का एक प्रमुख अंग रहे कबड्डी का अस्तित्व धीरे धीरे समाप्त हो रहा है। ऐसे में यह खेल प्रतियोगिता कबड्डी प्रेमियों के लिए संजीवनी का काम करेगा। ग्रामीण अंचलों में समय-समय पर ऐसे प्रतियोगिता का आयोजन जरूरी है। इससे इस खेल के प्रति लोगों का उत्साह बना रहे। व्यायाम शिक्षक वकील सिंह, मंगल राम, प्रेमसागर, अरुण यादव, अरुण हिंद, विवेक कुमार ने रेफरी की भूमिका निभाई। इस अवसर पर शिक्षक राज बहादुर सिंह, अनवारुल हक़, तारकेश्वर पांडेय, रामानंद, बलिराम आदि लोग मौजूद थे।