मऊ। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर 17 विद्यालयों के लगभग सात हजार छात्र छात्राओं ने चार किलोमीटर मानव शृंखला बनाई।
जिलाधिकारी अरुण कुमार ने आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए नगर स्थित डीसीएसके पीजी कॉलेज के गेट पर उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर नगर के डीसीएसके पीजी कालेज, डीएवी इंटर कालेज, तालीमुद्दीन इंटर कालेज, मुस्लिम इंटर कालेज, जीवन राम इंटर कालेज, सोनीधापा बालिका इंटर कालेज, चंद्रा पब्लिक स्कूल, आजाद हिंद स्कूल सहित 17 विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने चार किमी लंबी मानव शृंखला बनाई।
मानव शृंखला डीसीएसके पीजी कॉलेज से प्रारंभ होकर अंधा मोड़ होते हुए भीटी चौराहा तक गई। इसके उपरांत होटल की गली से होते हुए पुन: डीसीएसके पीजी कॉलेज पर समाप्त हुई। इस मानव शृंखला एवं सड़क सुरक्षा शपथ का प्रमुख उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है, जिससे सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतों को कम किया जा सके।
सड़क सुरक्षा शपथ के अंतर्गत जिलाधिकारी ने दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने, लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, शराब पीकर या नशे की हालत में गाड़ी नहीं चलाने तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने की शपथ दिलाई।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, डीआईओएस देवेंद्र कुमार गुप्ता , जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष सिंह, तहसीलदार सदर उमेश कुमार सिंह आदि शामिल रहे।
कोपागंज : स्थानीय क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय प्रथम और कम्पोजिट विद्यालय कोपागंज के बच्चों ने सोमवार को मानव शृंखला बनाकर लोगों ने यातायात के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी रामप्यारे राम और खंड विकास अधिकारी हरिमोहन सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान बच्चों ने कोपागंज थाना से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज तक मानव शृंखला बनाकर लोगों से यातायात नियमों के पालन आह्वान किया। मानव शृंखला के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें और दूसरों को भी जागरूक करें। इस अवसर पर विनोद कुमार, अभय तिवारी, उर्मिला, वंदना, कालिंदी, प्रियंका आदि अध्यापकों ने बच्चों का सहयोग किया।
घोसी। सड़क सुरक्षा माह अभियान के क्रम में सोमवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर इंदू इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग साईंसेज, खाखीझार, घोसीकी छात्राओं ने घोसी तहसील से पकड़ी मोड़ तक मानव श्रृंखला बनाया। सीओ घोसी उमाशंकर उत्तम ने सभी छात्राओं को शपथ दिलायी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी घोसी सुरेश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता आनंद चौधरी, सरोज सिंह, नागेंद्र सिंह, कृपाशंकर सिंह, अध्यापक रेनू, सोनम, मुकेश, रोशन, रामजी आदि उपस्थित रहें।