सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बकवल में किराए के मकान में रहकर छात्र का अपहरण करने वाला मुख्य आरोपी को पुलिस ने दबिश देकर गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कहीं भागने के फिराक में था। मुख्य आरोपी का साथी 19 जून को घटना के दिन ही रोडवेज बस से गिरफ्तार कर लिया था। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उन्होंने फिरौती के लिए छात्र का अपहरण किया था। आरोपी ने बताया कि फिरौती नहीं मिलने पर वे छात्र की हत्या कर देते। पुलिस ने मुख्य आरोपी का चालान कर उसे जेल भेज दिया।
बता दें कि सरालखंसी थाना क्षेत्र के बकवल गांव निवासी कृष्णानंद यादव(12) पुत्र लल्लन यादव नगर के एक कान्वेंट स्कूल में कक्षा सात में पढ़ता है। कृष्णानंद के घर के बगल में पिछले छह माह से बिहार का सुमित मिश्रा किराए के मकान में रहने था। इसी बीच सुमित ने कृष्णानंद से दोस्ती कर ली। 19 जून को शनिवार को सुमित ने अपने गांव के ही एक दोस्त अवनीश चौबे को अपने घर बुलाया। उसी रात सुमित ने कृष्णानंद को अपने घर बुलाया और उसे कोल्डड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिला दिया। अवनीश कृष्णानंद को बाइक से बाजार घुमाने के बहाने रोडवेज ले आया। रास्ते में कृष्णानंद को नींद आने लगी। रोडवेज पहुंचने पर अवनीश ने उसे बस में बैठाया और बिहार ले जाने लगा।
इस बीच यात्रियों को उस पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोडवेज बस को कोपागंज में रुकवाकर आरोपी को बच्चे के साथ पकड़ लिया। पकड़ा गया युवक अवनीश चौबे पुत्र बलिराम निवासी रहटौंवा थाना दरौली जनपद सिवान बिहार का निकला। जबकि दूसरा आरोपी उसी दिन से फरार हो गया। गुरुवार को सरायलखंसी पुलिस ने सुमित को भी गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीना ने बताया कि बच्चे के अपहरण की सूचना पर एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।