महाविद्यालय के गेट पर स्कूल खोले जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : mau
नगर स्थित डीसीएसके पीजी कॉलेज में गुरुवार को कक्षाएं न चलने तथा बुनियादी सुविधाएं बहाल न होने का आरोप लगाते हुए छात्र-छात्राओं ने हंगामा किया। उन्होंने मुख्य गेट पर बैठकर धरना देने के साथ ही घंटों नारेबाजी की। हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। बाद में छात्र नेताओं ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश के शिक्षक संगठनों की तरफ से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर महाविद्यालय के शिक्षक गुरुवार को भी कार्य बहिष्कार पर रहे। कॉलेज पहुुंचे छात्र शिक्षकों के न रहने और कक्षाएं न चलने पर भड़क गए। काफी संख्या में वह कॉलेज के मुख्य द्वार पर इकट्ठा हो गए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारी छात्र छात्राओं का कहना था कि शिक्षकों के मनमाने रवैए के चलते नियमित कक्षाएं नहीं चल पा रहीं। शिक्षकों के कार्य बहिष्कार की सूचना नोटिस बोर्ड पर चस्पा नहीं की गई थी। इससे दूर दराज से आने वाले छात्रों को बैरंग लौटना पड़ा। वहीं छात्रों का आरोप था कि कालेज में शौचालय की व्यवस्था नहीं है। कक्षाओं में लगे पंखे धीमे चल रहे। ऐसे में उमस और गर्मी से पठन पाठन करने में दिक्कतें आ रहीं। कहा कि पुस्तकालय में समय से किताबें नहीं मिल पा रही है। साथ ही पाठ्यक्रम के अनुरुप किताबें भी नहीं हैं। महाविद्यालय में 400 सीटें रिक्त हैं, लेकिन छात्रों का प्रवेश नहीं लिया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्नातक कला तथा विज्ञान वर्ग में हुए प्रवेश प्रक्रिया को सार्वजनिक किया जाए। छात्रों को आनलाइन छात्रवृत्ति करने के दौरान समस्या आ रही है, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं किया जा रहा है। शिकायत करने के बाद भी कॉलेज प्रशासन मामले के प्रति गंभीर नहीं हो रहा।
नारेबाजी के बीच प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने चेताया कि समस्सा का हल नहीं निकलने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा। अंत में छात्र नेताओं ने कालेज प्राचार्य डॉ. एके मिश्र को ज्ञापन सौंपा। इस बाबत कालेज के प्राचार्य डॉ. एके मिश्र का कहना था कि छात्रों की उचित मांगों का निस्तारण कराया जाएगा। ताकि उनकी शिकायतेें फिर न आएं।