लगातार चार माह से वेतन न मिलने से गुस्साए स्वास्थ्यकर्मियों ने परदहां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मेन गेट पर ताला जड़कर घंटों प्रदर्शन किया।
इसके चलते मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा। घंटों प्रदर्शन के बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी ने उनसे बातचीत कर मामला शांत कराया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परदहां के स्वास्थ्यकर्मियों ने पूर्वाह्न लगभग 11 बजे समूह में एकत्र होकर अस्पताल के मेन गेट पर ताला जड़कर नारेबाजी करना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वेतन न मिलने से उन लोगों को आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है। काम करने के बाद भी समय से वेतन नहीं मिल रहा है। होली पर्व के पहले ही वेतन भुगतान का आश्वासन दिया गया था,
लेकिन अब अधिकारी आज कल कहकर मामले से पल्ला झाड़ ले रहे हैं। महीनों से वेतन का भुगतान न होने से हम कर्मचारियों के सामने भुखमरी का ंसंकट खड़ा हो गया है।
अगर समय रहते वेतन भुगतान अविलंब नहीं किया गया तो हम लोग जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने के लिए बाध्य हो जाएंगे। प्रभारी चिकित्साधिकारी के आश्वासन पर मामला शांत हो सका।