मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जिला सहकारिता विकास समिति की बैठक कैंप कार्यालय पर हुई। बैठक में डीएम ने खाद और बीज की कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता जगदीश वर्मा ने बताया कि शासन की तरफ से जनपद में 10 समितियों का गठन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें छह समितियों का गठन किया जा चुका है। नवगठित समितियां जिसमें बी पैक्स कलाफनपुर विकासखंड घोसी, बी पैक्स सहुवारी विकासखंड मोहम्मदाबाद गोहाना, बी पैक्स चौबेपुर विकासखंड कोपागंज, बी पैक्स चैनपुर विकासखंड रानीपुर, बी पैक्स लाड़नपुर विकासखंड कोपागंज तथा बी पैक्स मंडूसरा विकासखंड रानीपुर में समिति का गठन किया गया है।
इसके अलावा बी पैक्स कोपा बाजार विकासखंड कोपागंज के लिए भूमि चिंहित कर आवंटन किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित दर के सापेक्ष ही खाद्य की बिक्री की जाएगी, निर्धारित दर के अतिरिक्त बिक्री किए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। जिला कृषि अधिकारी सोमनाथ गुप्ता ने बताया कि गोदाम में खाद की उपलब्धता प्राप्त मात्रा में है, जनपद में किसानों को खाद की समस्या नहीं होगी। जिलाधिकारी द्वारा बी पैक्स की भूमि को भू-राजस्व अभिलेख में दर्ज कराने और जिला सहकारी बैंक लिमिटेड मऊ के मुख्यालय भवन के लिए चिह्नित भूमि आवंटित करने के निर्देश सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को दिया।
जिलाधिकारी ने सहायक आयुक्त को निर्देश दिया कि नवगठित समिति के सचिव भूमि का चयन कर लें, जिसपर गोदाम बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने भूमि चिंहित करने के लिए टीम गठन करने के निर्देश दिया। जिसमें समिति के कानूनगों, लेखपाल, एडीओ रहेंगे। बैठक के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला मत्स्य अधिकारी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।