मधुबन के कौडीपुर में विवादित भूमि की पैमाइश के दौरान एक दूसरे से भिड़ते दोनों पक्ष के लोग। संव
दुबारी। मधुबन तहसील क्षेत्र के कौड़ीपुर गांव में विवादित भूमि की पैमाइश के दौरान बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। चकबंदी अधिकारी मायाशंकर सिंह पैमाइश के लिए गांव पहुंचे थे। पैमाइश के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडे चलने लगे।
किसी तरह चकबंदी अधिकारी भीड़ से निकलकर अपनी सुरक्षा कर सके। मारपीट की सूचना के बाद मौके पर भारी पुलिस फोर्स पहुंची, तब जाकर मामला शांत हुआ। बताया जा रहा है कि कौड़ीपुर में लल्लन और परशुराम के बीच भूमि को लेकर दो पक्षों में चार वर्ष से विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष जमीन को अपनी-अपनी बता रहे हैं। इसी विवादित भूमि की पैमाइश के लिए सीओ चकबंदी मायाशंकर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। एक पक्ष का आरोप है कि पैमाइश की जा रही जमीन उनकी है। दूसरे पक्ष से सीओ की मिलीभगत के कारण जबरन जमीन की पैमाइश की जा रही है।
इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। पैमाइश के दौरान मौके पर मौजूद लोग भी आक्रोशित हो गए। स्थिति बिगड़ती देख सीओ चकबंदी ने भीड़ से निकलकर अपनी जान बचाई। एसडीएम दीपक सिंह ने बताया कि चकबंदी अधिकारी से कोई अभद्रता नहीं हुई है। वह खुद इस मामले में जांच करेंगे। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।