सूरजपुर (मऊ)। घोसी कोतवाली क्षेत्र के टेसूपार गांव के महुलिया पुरवे में स्थापित राम जानकी हनुमान मंदिर का चैनल सोमवार की तोड़कर चोर गर्भगृह से सिंहासन सहित विष्णु और लक्ष्मी की पीतल की प्रतिमाएं चुरा ले गए। चोरी गई प्रतिमा का वजन तीन किलो के करीब था। इसके अलावा चोर मंदिर में लगाए गए तीन घंटे, एक घरीघंट, बारह वोल्ट की एक बैटरी इनवर्टर और दान पेटिका चुरा ले गए। पुजारी को इस घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब वो पूजा पाठ करने के लिए मंदिर गए। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
टेसूपार गांव में दो सप्ताह के भीतर 200 मीटर की परिधि में चोरी की यह तीसरी घटना है। ताबड़तोड़ हो रही चोरी की घटना और पुलिस के मौन रहने से लोगों में आक्रोश के साथ दहशत व्याप्त है। जिस मंदिर में चोरी हुई उसे मंदिर के पुजारी पुनीत पांडेय के पिता ने गांव से दक्षिण तरफ नहर के पास बागीचे में बनवाया था। प्रतिदिन की भांति पुजारी पुनीत सोमवार की रात आठ बजे मंदिर में पूजन अर्चन और भोग आरती करने के बाद घर सोने चले गए। मंगलवार की सुबह छ: बजे जब वो पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर वो अवाक रह गए। मंदिर के चैनल का ताला टूटा था, गर्भगृह में स्थापित भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा मय सिंहासन के गायब थी। इसके अलावा घंटा घरीयाल सहित अन्य सामान को भी चोर चुरा कर ले गए थे। चोरी की इस घटना की सूचना पूरे गांव में जंगल के आग की तरह फैली, इस दौरान मंदिर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दिया, लेकिन पुलिस मौके पर घंटे भर बाद पहुंची।