तेज रफ्तार के कहर से बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस अलर्ट मोड पर है। विशेष अभियान के तहत स्पीडो मीटर से वाहनों की रफ्तार पर नजर रखी जा रही है। स्पीडोमीटर से गति का पता लगाकर मंगलवार तक छोटे-बड़े 100 वाहनों का चालान किया गया है। मंगलवार को दोपहर एक बजे तक 14 वाहनों का चालान किया गया था। इनमें सात चार पहिया वाहन, दो बस, चार बाइक और एक बाइक का ड्रिंक एंड ड्राइव का था। शहर की सड़कों पर 40 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक रफ्तार से चलने वाली बाइक, कार सहित अन्य छोटे वाहनों का दो हजार और बस, ट्रक सहित अन्य हैवी वाहनों का चार हजार रुपये का चालान कट रहा है।
नगर के मतलूपुर, सलाहाबाद मोड़, बलिया मोड़, बढुआगोदाम, गाजीपुर तिराहा, भीटी चौराहा सहित सभी प्रवेश मार्गों पर यातायात पुलिस की दो टीमें स्पीडो मीटर के साथ सुबह 11 बजे उतर जा रही हैं। स्पीडो मीटर 100 से 300 मीटर की दूरी तक वाहनों की रफ्तार बता रहा है। स्पीडो मीटर से सड़क हादसों में कमी आएगी। इससे यातायात पुलिस का कई गुना बढ़ा हुआ काम कम हो जाएगा। यातायात पुलिस द्वारा बीते तीन सितंबर से ये विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सड़क हादसों की बात करें तो जनवरी 2024 से अब तक 224 सड़क हादसों में 125 की मौत हो चुकी है और 148 लोग घायल हुए थे। इनमें से सर्वाधिक मामले तेज रफ्तार वाहनों के आपस में टकराने या अधिक रफ्तार से चल रहे वाहनों द्वारा टक्कर मारने से हुए हैं।
शहर के भीड़ भाड़ और व्यस्त मार्गों पर स्पीडोमीटर मशीन से कार्रवाई की जा रही है। स्पीडोमीटर के रडार में आने वाले तेज रफ्तार वाहनों की तस्वीर चालान किया जा रहा है। दो टीमें अलग अलग चौराहों या व्यस्त मार्गों पर सुबह 11 बजे से देर शाम तक चेकिंग अभियान चलाती हैं। विशेष अभियान से तेज रफ्तार वाहनों से रोज हो रहे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। -श्याम शंकर पांडेय, यातायात प्रभारी, मऊ