मऊ। बीता वर्ष 2020 कोरोना महामारी के लिए जाना जाएगा। दरअसल बीते मार्च माह से शुरू यह महामारी पूरा वर्ष बीतने के बाद भी अभी तक दूर नहीं हो सकी है। कोरोना संक्रमण के रोकथाम को लेकर टीकाकरण तो बनाया जा चुका है, लेकिन प्रदेश में अभी इसको लगाने का कार्य शुरू नहीं हो सका है। हालांकि नववर्ष 2021 के दूसरे सप्ताह तक जिले में कोरोना टीका के आने की संभावना है। इससे पहले टीका के लिए प्रयोग होने वाली विशेष सीरींज जिले में पहुंच चुकी है। टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने दो चरण की तैयारी की है। पहले चरण में जिले के समस्त सरकारी तथा निजी हेल्थवर्करों को शामिल किया गया है। इन सभी का डाटा कोविड टीकाकरण के लिए बने पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। वहीं दूसरे चरण में फ्रंट लाइन के कर्मचारियों के साथ महिलाओं, गर्भवती महिलाओं का सर्वे किया जा रहा है। इसबीच टीकाकरण को लेकर गत दिवस विशेष सीरिंज आई है। वहीं कोरोना टीकाकरण को लेकर बनाए गए कोल्डचेन को अपडेट करने के साथ सीसीटीवी कैमरे से लैस कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बृजेश यादव, यूनीसेफ डीएमसी सरोज राना, कामाख्या मौर्या के साथ अपडेट कोल्डचेन का जायजा लिया। वहीं बनाए गए कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की जांच करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।