मऊ। स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। एडीएण प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को शासन की समय-सारिणी और प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।
एडीएम ने जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण कराने को कहा। नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों के अधिकारियों को शहीद स्थलों, स्मारकों, सार्वजनिक स्थानों और पंचायत भवनों की व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में आयोजित किया जाए।
बैठक में बताया गया कि 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सरकारी और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
निर्देश दिया कि 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। प्रतिदिन शाम को राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ उतारकर सुरक्षित रखा जाएगा।
बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण सुभाष सरोज, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरशद जमाल, जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार, उपजिलाधिकारी सदर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।