सपा हाईकमान के आह्वान पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के लिए सपा की साइकल यात्रा गुरुवार को अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई। गुरुवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर पूरी ताकत झोंक दी।
पूरे जिले के सपाइयों ने जिला मुुख्यालय पर साइकिल चलाई। इस विशाल रैली में सपा के विधायक विधान परिषद सदस्य से लेकर सभी पदाधिकारियों ने बढ़चढ़कर भाग लिया। कलेक्ट्रेट पर हुए समापन समारोह में नेताओं ने सपा शासन की उपलब्धियों का बखान किया।
कलेक्ट्रेट पर आयोजित समाजवादी पार्टी की साइकिल यात्रा के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता जनपद के प्रभारी रामनिहोर यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में 5 अगस्त से 13 अगस्त तक निकाली गई साइकिल यात्रा में जिले का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा।
यहां पर अनेकता में एक मजबूती देखने को मिली। उन्होंने कहा कि यही एकता लोकसभा चुनाव में रही होती, तो यहां की तस्वीर दूसरी देखने को मिलती। यहां विकास का फैसला जनता के बीच होता। विशिष्ट अतिथि राजीव राय ने कहा कि सपा को प्रदेश ही नहीं देश की भी फिक्र है।
जब-जब देश की सीमाओं में पड़ोसी देश का दखल हुआ है तो सड़क से लेकर सदन तक उसके खिलाफ सपा लामबंद नजर आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनता को अन्य पार्टियां गुमराह कर रही हैं। विधायक सुधाकर सिंह ने कहा कि सपा सरकार के पहले प्रदेश जल रहा था।प्रदेश में जैसे ही सपा की सरकार आई हर क्षेत्र में विकास होने लगा। आज जनता प्रदेश के चतुर्दिक विकास को अपनी आंखों से देख रही है।
विधायक बैजनाथ पासवान ने कहा के प्रदेश के उत्कृष्ट विकास कार्यो की नकल देश के अन्य प्रदेश कर रहे हैं। एमएलसी रामजतन राजभर ने कहा कि सपा किसी जाति विशेष की पार्टी नही है।
यहां पर सबको एक सम्मान की नजर से देखा जाता है साथ ही सबसे हीत की बात होती है। सपा जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव ने सभी कार्यकर्ताओं को साइकल यात्रा को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इसके पूर्व नगर क्षेत्र के भीटी से सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय, जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव के नेतृत्व में सैकड़ों युवा कार्यकर्ता साइकिल चलाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे तो सपा नेता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल,पूर्व चेयरमैन तैयब पालकी और सपा नेता हाजी इरफान के नेतृत्व में शहर से सैकड़ों मुस्लिम कार्यकर्ता भी साइकिल चलाते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे।
वहीं नगर के मतलूपुर मोड़ से पूर्व विधासभा प्रत्याशी अल्ताफ अंसारी और पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं को जत्था मुख्यालय पहुंचा।
समापन समारोह को साइकल यात्रा प्रभारी अभय सिंह, शिवप्रताप यादव, राजेन्द्र मिश्रा, हजारी सिह आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर मुख्य रुप से नन्हकू राजभर, रविन्द्र यादव , रामधनी चौहान, सुजीत सिंह,आद्याशंकर यादव, लालबहादुर यादव, अशोक यादव, अमीरुल्लाह खान, शम्स तबरेज, संध्या यादव, संजय पांडेय, बिजेन्द्र यादव,श्रवण यादव, विनय सिंह आदि मौजूद रहे।