मऊ। गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन के लिए सपा विधानसभा क्षेत्र घोसी की बैठक हुई। इसमें विधानसभा क्षेत्र घोसी के सभी सेक्टर अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों एवं विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष को जिम्मेदारी सौंपी गई। इन्हें सेक्टर वार मोटरसाइकिलों, निजी साधनों या पार्टी द्वारा दिए गए वाहनों से दौरा करके स्नातक चुनाव के वोटरों के घर-घर संपर्क करने के लिए कहा गया।
स्नातक निर्वाचन के जनपद चुनाव प्रभारी चंद्र देव राम यादव करैली ने कहा कि कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह को देखकर दृढ़ विश्वास है कि सपा यह चुनाव भारी बहुमत से जीतेगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए दूधनाथ यादव ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी 20 साल से एमएलसी पद पर काबिज हैं लेकिन जनहित में कोई ऐसा कार्य नहीं किया है, जिसकी उपलब्धियों को गिनाया जा सके।
कहा कि भाजपा प्रत्याशी को लेकर जनता में काफी आक्रोश है। एक एमएलसी की कमी से सपा को विधान परिषद में सरकार ने विपक्ष का दर्जा नहीं दिया है। उसकी भरपाई गोरखपुर फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन जीतकर कराना है। बैठक में राष्ट्रीय सचिव रामहरि चौहान, अल्ताफ अंसारी, पूर्व विधान परिषद सदस्य रामजतन राजभर, पूर्व जिला अध्यक्ष शैलेंद्र यादव साधू, जिला महासचिव कुद्दूस अंसारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजकुमार यादव, वीरेंद्र यादव लोहिया, जफर अंसारी, महेंद्र यादव आदि नेता उपस्थित थे।