मऊ। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल रविवार को रानीपुर ब्लाक के ब्राम्हणपुरा के हुड़रहवा गांव पहुंचा। गांव में भूमि विवाद को लेकर हुए तिहरे हत्याकांड दुख प्रकट करते हुए प्रतिनिधि मंडल ने घटना की कड़ी शब्दों में निंदा की। घटना को लेकर शासन प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल खड़े किए।
प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिवार को 25-25 लाख रुपये के मुआवजा की मांग की।निवर्तमान जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव ने कहाकि जिस प्रकार जिले में आपराधिक घटनाएं घट रही हैं उससे यह साबित हो रहा है कि शासन प्रशासन अपराधियों पर अंकुश लगा पाने में नाकायाब है।इससे आपराधिक तत्वों का मनोबल बढ़ता ही जा रहा है। इससे आम आदमी डर और भय के आगोश में जी रहा है।
पुलिस सिर्फ आम लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने और आर्थिक दोहन करने में जुटी हुई है। वहीं जनता की समस्याओं को लेकर कोई गंभीर नजर नहीं आ रहा है। तहसील दिवस और थाना दिवस सिर्फ दिखावे के रह गए हैं और अफसरशाही पूरी तरह बेलगाम हो गई है।
अभी हाल में ही ओंकेश यादव की पुलिस कस्टडी में हुई मौत और दलित प्रधान मुन्ना राव बागी की घटना को लोग भूले भी नहीं थे कि हुडहरा गांव में हुए नरसंहार ने सभी को हिलाकर रख दिया। चेताया कि जनता की समस्याओं को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं हुआ तो सपा का संघर्ष सड़कों पर दिखेगा।
प्रतिनिधि मंडल में पूर्व जिलाध्यक्ष शिवप्रताप यादव मुन्ना, निवर्तमान जिला महासचिव अब्दुल कुद्दूस अंसारी, राष्ट्रीय सचिव रामहरी चौहान, रामधनी चौहान, वीरेंद्र चौहान, विरेन्द्र यादव लोहिया, पंकज उपाध्याय, राजाराम यादव, राजेश दूबे, योगेन्द्र यादव, डा. ओमप्रकाश यादव आदि शामिल रहे।