नगर क्षेत्र के बाल निकेतन स्थित तिराहे पर स्थित सपा कार्यालय पर शनिवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य छोटे लोहिया का जयंती मनाया गया। इस दौरान उनके चित्रपर माल्यार्पण कर वक्ताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला। शनिवार को ही हुई मासिक बैठक में राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश के क्रम में नौ अगस्त को प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर क्रांति दिवस के रुप में मनाए जाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान की प्रदेश सरकार में कमीशन खोरी चरम पर है। ईमानदार अफसर बुरी तरह से अपमानित व प्रताड़ित किए जा रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि देश व प्रदेशवासी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। भाजपा चुन चुन कर अपने विरोधियों को निशाना बना रही है। देश की सर्वोच्च जांच एजेंसियां पिंजरे के तोते जैसा कार्य कर रहीं हैं। सत्य की आवाज उठाने वालों को झूठे मुकदमें में फंसाया जा रहा है। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव ने कहा कि आज देश व प्रदेश में इमरजेंसी जैसे हालात हो गए हैं।
सरेआम कानुन का गला घोंटा जा रहा है। हौसला व बहुमत के मद में चुर सत्ताधारी भाजपा यह भूल रही है कि आज का किया हुआ कल भुगतना पड़ेगा। बैठक को संबोधित करते हुए एमएलसी रामजतन राजभर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सांप्रदायिकता को बढ़ावा दे रही है। गौ हत्या के नाम पर बेकसुरों को सताया जा रहा है। बैठक में पूर्व विधायक बैजनाथ पासवान, अल्ताफ अंसारी, राजेंद्र मिश्रा, कुद्दूस अंसारी, रामधनी चौहान, हजारी सिंह, पूर्व चेयरमैन अरशद जमाल, शैलेंद्र यादव साधु, अशोक यादव आदि लोग मौजूद रहे।