श्रीरामलीला समिति के तत्वावधान में गोठा में चल रही ऐतिहासिक रामलीला के दूसरे दिन मंगलवार को भगवान श्रीराम के चित्रकूट पहुंचने की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। रामनगर की परंपरा के अनुरूप दिन में आयोजित रामलीला में कलाकारों के सजीव अभिनय ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। हनुमानगढ़ी मंदिर में आरती के बाद प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण वनगमन प्रसंग के तहत फरसरा खुर्द स्थित शिव मंदिर पहुंचे। यहां चित्रकूट धाम का प्रतीकात्मक स्वरूप तैयार किया गया था। मंचन के दौरान तीनों ऋषि भारद्वाज के आश्रम पहुंचे। उनके मार्गदर्शन पर भगवान श्रीराम ने चित्रकूट में निवास करने का निर्णय लिया। लीला के समापन पर ग्रामवासियों ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी।