सोनिया कुमारी। कबड्डी कोच।महिला दिवस की खबर में फोटो
- फोटो : MAU
मऊ। खेल के क्षेत्र में जिले की महिलाओं ने अंतर्राष्ट्रीय फलक पर अपनी पहचान बनाने में सफलता हासिल की है। रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र की नसीराबादकला गांव निवासी तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैनात कबड्डी कोच सोनिया कुमारी पांचवां एशियन बीच कबड्डी में भारतीय टीम को कबड्डी में गोल्ड मेडल दिला चुकी हैं। वर्ष 2020 में खेलो इंडिया और राष्ट्रीय विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में अंपायर के रुप में प्रतिनिधित्व किया है। वह महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं। रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र की नसीराबाद कला गांव निवासी व कबड्डी कोच सोनिया कुमारी डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैनात हैं। स्टेडियम में खेल संसाधन सीमित हैं लेकिन कड़ी मेहनत के चलते राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाने में सफलता हासिल की है। वह खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हैं। वर्ष 2016 में वियतनाम में आयोजित पांचवां एशियन बीच कबड्डी में कोच सोनिया कुमारी को भारतीय कबड्डी टीम का कोच नियुक्त किया गया था। अपनी बेहतरीन कार्यशैली से भारतीय टीम को गोल्ड मेडल दिलाया था। इसी क्रम में खेलो इंडिया के तहत गुवाहाटी आसाम में जनवरी में आयोजित गेम्स में अंपायर के रुप में प्रतिनिधित्व किया था। फरवरी माज में चली राष्ट्रीय विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में कबड्डी अंपायर के रुप में प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा स्टेडियम में इनके नेतृत्व में अभ्यास कर रहे एक दर्जन से अधिक कबड्डी खिलाड़ियों का चयन स्पोर्ट्स हास्टल के लिए हो चुका है। इनके पति जयप्रकाश राम बीएसएफ में कमांडो हैं। साथ ही फुटबाल खिलाड़ी हैं। कबड्डी सोनिया कुमारी का कहना है कि कड़ी मेहनत तथा अनुशासन के साथ कार्य करने पर सफलता मिलना तय है। असफलता से निराश नहीं होना चाहिए। प्रयास जारी रहना चाहिए।