मधुबन से मऊ जा रही एक जीप की ओवरटेक करते समय विपरीत दिशा से आ रहे एक बाइक सवार से परसुपुर गांव के समीप शुक्रवार की सुबह सीधी टक्कर हो गई। इससे बाइक पर सवार मां, बेटा एवं बेटी तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय बेटे की मौत हो गई। उधर घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। काफी प्रयास के बाद ब्रेेकर बनाने के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
थाना क्षेत्र के मलकौली निवासी आलोक अपनी बहन और मां को लेकर एक रिश्तेदारी से सुबह अपनी बाइक पर बैठाकर घर लौट रहा था। अभी वह परशुपुर गांव के समीप पहुंचा था कि मधुबन से मऊ की तरफ जा रही एक सवारी एक वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दिया।
लोगों की माने तो जीप चालक एक गाड़ी को ओवरटेक करके निकल रहा था जब कि सामने से आलोक की बाइक आ रही थी। इससे दोनों की और आमने सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें आलोक व उसकी बहन काजल को गम्भीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से आलोक और काजल और उसकी मां पूनम को फतेहपुर मंडाव अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में आलोक की हालत गंभीर देखकर उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही गाजीपुर सैदपुर के पास उसकी मौत हो गई।
उधर घटना स्थल से जीप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने सड़क पर ब्रेकर बनाने सहित कई मांगों को लेकर चक्का जाम कर दिया। घटना की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष सुरेश कुमार मिश्र सीओ आनंद कुमार और तहसीलदार श्रीप्रकाश गुप्ता आदि अधिकारी मौके पर पहुंच गए और काफी मान मनौवल के बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।