मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फरीदपुर मे पिता-पुत्र की मौत के बाद बिलखते परिजन।स
- फोटो : MAU
मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर निवासी युवक को अपने पिता की मृत्यु का जिम्मेदार बताए जाने का इस कदर सदमा लगा कि पिता की मौत के कुछ ही देर बाद उसने भी ट्रेन से कटकर जान दे दी। शव रात भर रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा। सुबह राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, युवक के जान देने को लेकर तमाम चर्चाएं होती रहीं। एक ही परिवार में दो मौत से गांव में माहौल गमगीन रहा। फरीदपुर मोहल्ला निवासी इंद्रदेव (65) की मंगलवार की शाम हृदय गति रुकने से मौत हो गई। घर में मातम का माहौल था। परिजन बुजुर्ग की मौत का मातम मना रहे थे कि पिता की मौत से आहत गुड्डू (35) ने रात 11 बजे ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। एक तरफ पिता का शव दरवाजे पर तो दूसरी तरफ पुत्र का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा था। सुबह राहगीरों ने शव देखा तो परिजनों को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की आत्महत्या को लेकर ग्रामीणों में चर्चा है कि वह अपराधी प्रवृति का था। उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। चर्चा यह भी रही कि युवक ने किसी से अस्सी हजार रुपए लिए थे। उसने पुलिस में शिकायत कर दी थी। पुलिस युवक के घर गई लेकिन वह नहीं मिला। जिस पर उसके पिता को पुलिस ताकीद कर वापस थाने आई कि युवक को थाने भेज दें। उसकी के बाद हार्ट अटैक से पिता ने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार में विवाद बढ़ गया और बुजुर्ग की मौत के लिए परिवार वाले गुड्डू को जिम्मेदार ठहराने लगे। इससे आहत होकर उसने रात ट्रेन से कटकर जान दे दी। आत्महत्या के पीछे सच्चाई चाहे जो भी हो लेकिन एक साथ पिता और पुत्र की मौत को लेकर परिवार और मोहल्ले का माहौल गमगीन है। सीओ मुहम्मदाबाद गोहना नरेश कुमार ने बताया कि मामला आत्महत्या का है। लेकिन इस मामले में कोई संदिग्ध बिंदु सामने आता है तो उसकी जांच कराई जाएगी।