फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mau News: कोई चार बार तो कोई छह बार से न्याय के लिए लगा रहा गुहार

विज्ञापन
विज्ञापन
मऊ। लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए तहसीलों पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। यहां लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन कई लोगों को बार-बार आने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। काेई चार बार से तो कोई छह बार न्याय के लिए पहुंच रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से फरियादियों को भटकना पड़ रहा है। निर्देश के बाद विभाग कागजों पर समस्याओं का समाधान कर रहा है। जिससे फरियादियों को परेशान होना पड़ रहा है।
विज्ञापन


केस-1 : छह बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
मुहम्मदाबादगोहना तहसील क्षेत्र के तुलसीपुर कुड़वा गांव के ग्राम प्रधान अखिलेश यादव ने बताया कि उनके गांव में अमृत सरोवर का निर्माण किया जा रहा है। इसमें कुछ हद तक कार्य हो चुका है। लेकिन अमृत सरोवर के आसपास सरकारी जमीन पर बांस, खूंटा और कुछ अन्य माध्यमों से लोगों ने कब्जा कर रखा है। कब्जा हटाने को लेकर छह बार शिकायती पत्र दे चुका हूं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे अमृत सरोवर का कार्य रुका है।

केस-2 : चार बार शिकायत के बाद भी नहीं हटा कब्जा
मंडहा ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान बृजराज निषाद ने गांव के सार्वजनिक चकमार्क और नाली पर अवैध कब्जा करने की शिकायत को लेकर बताया कि नाली और चकमार्ग से कब्जा हटाने की शिकायत कई बार कर चुका हूं। एक बार टीम बनाकर कब्जा हटाने की कार्रवाई भी की गई लेकिन कब्जा करने वालों ने वहां पक्का निर्माण कर लिया। बताया कि समाधान दिवस पर चार बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है।
विज्ञापन


केस-3 :
चिरैयाकोट कस्बा निवासी विजय उपाध्याय ने नगर क्षेत्र में सरकारी भूमि भींटा, पोखरी, बंजर, नवीन परती आदि की भूमि पर अवैध कब्जा हटाने के लिए 12 से अधिक बार संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायत की लेकिन कार्रवाई के नाम पर मामला सिफर रहा। बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अलावा चिरैयाकोट थाना में समाधान दिवस और अन्य माध्यमों से शिकायत कर चुका हूं लेकिन समाधान नहीं हुआ।

इनसेट
डीएम के सामने आए 121 मामले, नौ का मौके पर निस्तारण
मुहम्मदाबादगोहना। जनपद मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील मुहम्मदाबादगोहना में किया गया। यहां कुल 121 शिकायतें आईं, जिनमें से 9 का मौके पर निस्तारण किया गया। छह शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर टीमों को भेजा गया।
यहां सर्वाधिक राजस्व विभाग से 83, पुलिस विभाग से 18 और 20 अन्य विभागों से संबंधित मामले थे। जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिया। कहा कि इसमें लापरवाही पर कार्रवाई होगी। इस दौरान एसपी इलमारन जी, उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबादगोहना सुमित सिंह आदि उपस्थित रहे।

68 के सापेक्ष दो मामलों का हुआ निस्तारण
मऊ। सदर तहसील के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस पर अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने फरियादियों की शिकायत सुनी। इस अवसर पर 68 मामले आए। इनमें सिर्फ दो मामलों का ही निस्तारण हो सका। इस दौरान तहसीलदार उमेश सिंह सहित अधिकारी शामिल रहे।
वहीं घोसी तहसील एसडीएम अभिषेक गोस्वामी अध्यक्षता में कुल 46 फरियादियों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत की। मौके पर मात्र 4 का समस्याओं का समाधान हो सका। शेष संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। इस अवसर पर तहसीलदार शैलेंद्र चंद सिंह, नायब तहसीलदार अमरनाथ यादव, एक्सईएन अनिल कुमार आदि शामिल रहे।
42 के सापेक्ष चार मामलों का हुआ निस्तारण

मधुबन। स्थानीय तहसील के सभागार में सीआरओ दिनेश मिश्र और एसडीएम अखिलेश कुमार यादव ने लोगों की फरियाद सुनी। इस दौरान तहसील दिवस में कुल 42 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए। इनमें 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान सीओ अभय कुमार सिंह,नायब तहसील गौरव प्रताप सिंह, बीईओ श्याम सुंदर पटेल, एसडीओ राज कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें