मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक सियाबस्ती निवासी व्यक्ति ने आजमगढ़ निवासी एक व्यक्ति पर नगर पालिका मऊ में नौकरी दिलाने के नाम पर 19 लाख की धोखाधड़ी करने का आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। आरोप लगाया कि आरोपी अंकित प्रजापति झाड़फूंक करता है। एसपी के आदेश पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। दर्ज मुकदमे के अनुसा सियाबस्ती गांव निवासी रामनरेश प्रजापति का आरोप है कि साल 2022 में उसकी पुत्री की बीमारी ठीक नहीं हो रही थी। इस दौरान झाड़फूंक करने वाले आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के धर्मपुर असरपुर गांव निवासी अंकित प्रजापति के संपर्क में आया। धीरे-धीरे उसका परिवार से गहरा लगाव हो गया।
अंकित ने मेरी बेटी और दो बेटों को मऊ नगर पालिका में नौकरी दिलाने के नाम पर अलग अलग तिथि में उससे दस बार में 19 लाख रुपये ले लिए। बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया। सच्चाई की जानकारी होने पर उसने पैसे की मांग किया तो आरोपी अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोप लगाया कि अंकित पर मुबारकपुर थाना क्षेत्र में भी धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है और वह जेल में भी बंद है। आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की तो पुलिस अधीक्षक के समक्ष गुहार लगाया, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की।