मऊ। सोमवार को दोपहर में बिना अनुमति के आजमगढ़ तिराहे से लेकर कलेक्ट्रेट परिसर तक जुलूस निकालने के मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष समेत 6 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की ओर से जारी सूचना के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभय यादव बिना अनुमति के जुलूस निकाल कर ज्ञापन देने आजमगढ़ तिराहे से कलेक्ट्रेट परिसर की तरफ जा रहे थे। इसलिए आचार संहिता का उल्लंघन करने पर अभय यादव के अलावा सरायलखंसी थाना क्षेत्र के गालिबपुर निवासी शिवकुमार भारती, कोपागंज थाना क्षेत्र के भावरकोल निवासी पवन कुमार, रानीपुर थाना क्षेत्र के भुसुआ निवासी अनिल कुमार, मधुबन थाना क्षेत्र के भदौरा निवासी मनोज कुमार, कोतवाली मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के मडहा निवासी रामबली को नामजद किया गया है। वहीं, 15 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। कहा कि चुनाव आयोग की ओर से आदर्श आचार संहित लागू की गई है। इसके बावजूद इन लोगों द्वारा सक्षम मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना जुलूस निकालकर आदर्श आचार संहिता और धारा 144 का उल्लंघन किया है।