घोसी। क्षेत्र के सीताकुंड के पास सोमवार की सुबह दवा खरीदने जा रहे बुजुर्ग को सड़क पार करते समय बेकाबू ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद मृतक के घर पर मातम पसर हो गया। घोसी कोतवाली क्षेत्र के मदापुर समसपुर हुसैनपुर (बैसवाड़ा) निवासी बदरुद्दीन खान (65) की घोसी कस्बे में तहसील के पास कपड़े की दुकान है। सोमवार को सुबह वह दुकान बंद होने के कारण दवा लेने के लिए सीताकुंड गए थे। वहां सड़क पार करते समय बेकाबू ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर घोसी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को घोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अनिल चंद्र तिवारी ने बताया कि मृतक की छोटी पुत्री ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी है।