नाराज लोगों ने लगाया जाम,एसडीएम के आश्वासन पर समाप्त
घोसी कोतवाली क्षेत्र के धरौली मोड़ के समीप बुधवार को हाईटेंशन तार टूट कर गिरने से उसकी चपेट में आने से छह लोग झुलस गए। बाजार में इस घटना से अफरा तफरी का माहौल हो गया।
स्थानीय लोगों ने घटना से आक्रोशित होकर हाइवे जाम कर दिया। घंटों चला जाम एसडीएम के आश्वासन पर समाप्त हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के धरौली मोड़ पर बुधवार को रंगीलाल पुत्र बीरबल की चाय की दुकान के ऊपर से गुजरा हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर गिर गया।
चाय की दुकान पर बैठे रंगीलाल के साथ कई लोग उसकी चपेट में आ गए और झुलस गए। इस घटना से बाजार में अफरा तफरी का माहौल हो गया। घायलों को आनन फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही एवं जर्जर तारों को बदलने की मांग को लेकर मौके पर ही जाम लगा दिया। हाइवे पर जाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
सूचना पाकर मौके पर एसडीएम जगदंबा सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। लोगों को समझा बुझाकर किसी प्रकार मामला शांत कराया।